Rapper Badshah: बॉलीवुड के मशहूर रैपर बादशाह इन दिनों अपने नए गाने ‘टटीरी’ के कारण चौतरफा मुसीबतों से घिर गए हैं. उन पर गाने में आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने के आरोप लगाए गए हैं. सोशल मीडिया पर माफी मांगने के बावजूद यह विवाद शांत होने के बजाय और भी खतरनाक मोड़ ले चुका है. अब इस मामले में कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ अंडरवर्ल्ड की धमकियां भी जुड़ गई हैं.
लॉरेंस बिश्नोई गैंग का धमकी भरा नोट
पानीपत में हुई एक हालिया फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने एक सोशल मीडिया पोस्ट साझा किया है. इस नोट में सीधा बादशाह को निशाना बनाते हुए लिखा गया है, “सिंगर बादशाह, तूने हरियाणा की संस्कृति को खराब करने की कोशिश की है. 2024 में तेरे क्लब में सिर्फ ट्रेलर दिखाया था, अगली बार सीधे माथे में गोली मारेंगे.” इस धमकी ने सिंगर की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
हरियाणा की संस्कृति का अपमान?
विवाद की मुख्य जड़ बादशाह का नया गाना ‘टटीरी’ है. विरोध करने वालों का आरोप है कि इस गाने के बोल और फिल्मांकन में हरियाणा की संस्कृति और महिलाओं को गलत ढंग से पेश किया गया है. इसी बात को लेकर हरियाणा के कई संगठनों और अब बिश्नोई गैंग ने नाराजगी जाहिर की है.
महिला आयोग का सख्त रुख
हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने इस मामले में मोर्चा खोल दिया है. उन्होंने बादशाह को ‘हरियाणा की बेटियों की सुरक्षा के लिए खतरा’ बताते हुए उनकी तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है. इतना ही नहीं, उन्होंने सरकार से सिफारिश की है कि बादशाह का पासपोर्ट जब्त किया जाए और उनके भविष्य के सभी शोज पर रोक लगा दी जाए.
गिरफ्तारी की लटकी तलवार
खबरों के मुताबिक, बढ़ते दबाव और एफआईआर के बाद हरियाणा पुलिस को बादशाह की गिरफ्तारी के आदेश मिल चुके हैं. हालांकि बादशाह ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए गाने में बदलाव की बात कही थी, लेकिन प्रशासन और शिकायतकर्ता फिलहाल किसी भी तरह की राहत देने के मूड में नहीं दिख रहे हैं.
क्या है ‘ट्रेलर’ और ‘पूरी पिक्चर’ का मामला?
बिश्नोई गैंग ने अपने नोट में पानीपत के एक हवाला कारोबारी के दफ्तर पर हुई फायरिंग का जिक्र किया है. उन्होंने इसे एक चेतावनी बताते हुए कहा है कि जो भी संस्कृति या देश के खिलाफ जाएगा, उसका अंजाम बुरा होगा. बादशाह के संदर्भ में ‘2024 के ट्रेलर’ की बात कहकर उन्होंने साफ कर दिया है कि वे लंबे समय से उन पर नजर रखे हुए थे.