Badshah New Song Tateeree Controversy: बादशाह का नया हरियाणवी गाना ‘टटीरी’ रिलीज होते ही विवादों की भेंट चढ़ गया है. पंचकूला के सेक्टर 20 स्थित साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में रैपर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. आरोप है कि इस गाने में अश्लील शब्दों, आपत्तिजनक इशारों और स्कूल यूनिफॉर्म पहनी लड़कियों का गलत चित्रण किया गया है. मामला केवल पुलिस तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि हरियाणा महिला आयोग और राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग में भी इसकी शिकायत की गई है. शिकायतकर्ताओं का मानना है कि यह गाना समाज में गलत संदेश फैला रहा है और महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचा रहा है.
अश्लीलता और स्कूल यूनिफॉर्म पर विवाद
चंडीमंदिर निवासी अभय चौधरी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में कहा गया है कि गाने के म्यूजिक वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म में दिखाई गई लड़कियों और आपत्तिजनक जेसचर्स का इस्तेमाल किया गया है. इसे समाज के लिए हानिकारक और अश्लीलता को बढ़ावा देने वाला बताया गया है.
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आईपीसी की धारा 296 (अश्लील कृत्य) और महिलाओं के अश्लील चित्रण (निषेध) अधिनियम, 1986 की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया है. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है.
13 मार्च को होगी सुनवाई
इस विवाद के चलते बादशाह की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं. हरियाणा महिला आयोग ने मामले का संज्ञान लिया है और रैपर को 13 मार्च 2026 को सुबह 11:30 बजे पानीपत में सुनवाई के लिए व्यक्तिगत रूप से पेश होने का समन जारी किया गया है.
विवादास्पद बोल
पानीपत की सविता आर्य और वकील राज नारायण पंघाल ने गाने की लाइनों—”आया बादशाह डोली चढ़ाने, इन सबकी घोड़ी बनाने” पर कड़ी आपत्ति जताई है. उनका कहना है कि ये बोल महिलाओं के प्रति अपमानजनक सोच को दर्शाते हैं.
क्या है ‘टटीरी’ का असली मतलब
‘टटीरी’ (टिटहरी) असल में एक मध्यम आकार का जलचर पक्षी है, जो अपनी तीखी आवाज के लिए जाना जाता है. गाने के बोल “घुटी क्युन घुटी क्युन करे टटेरी” का शाब्दिक अर्थ पक्षी की आवाज से जुड़ा है, लेकिन इसके विजुअल्स और संदर्भ ने इसे विवादों में डाल दिया है.