Arijit Singh Music Concerts: प्लेबैक सिंगिंग को अलविदा कहने के बाद अरिजीत सिंह एक बार फिर स्टेज पर लौट आए हैं. कोलकाता में हुए उनके पहले लाइव शो ने फैंस के दिल खुश कर दिए. खास बात ये रही कि इस कॉन्सर्ट में अरिजीत ने मशहूर सितार वादक अनुष्का शंकर के साथ जुगलबंदी की, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
कोलकाता में हुआ पहला लाइव शो
प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट के ऐलान के बाद अरिजीत सिंह का ये पहला लाइव परफॉर्मेंस था. कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में जैसे ही अरिजीत स्टेज पर पहुंचे, पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा. अपने पसंदीदा सिंगर को सामने देखकर फैंस काफी इमोशनल नजर आए.
अनुष्का शंकर के साथ शेयर किया प्लेटफॉर्म
इस खास कॉन्सर्ट में अरिजीत सिंह ने अनुष्का शंकर के साथ मंच शेयर किया. एक वायरल वीडियो में अनुष्का, अरिजीत का गर्मजोशी से वेलकम करती नजर आईं. दर्शकों की तालियों के बीच अरिजीत ने माइक संभालते हुए कहा, ‘मैं बहुत नर्वस हूं. मुझे यहां बुलाने के लिए धन्यवाद.’ उनकी ये सादगी फैंस को खूब पसंद आई.
बंगाली सॉन्ग से जीता दिल
लाइव शो के दौरान अरिजीत सिंह, अनुष्का शंकर और मशहूर तालवादक बिक्रम घोष ने मिलकर बंगाली गीत ‘माया भोरा राती’ की प्रस्तुति दी. ये गीत महान सितार वादक पंडित रवि शंकर द्वारा संगीतबद्ध किया गया है. इसके अलावा दोनों कलाकारों ने ‘ट्रेस ऑफ यू’ का एक हिस्सा भी गाया, जिसने माहौल को और भी खास बना दिया.
घर जाकर हुई थी मुलाकात
परफॉर्मेंस के दौरान अरिजीत ने बताया कि वो अनुष्का शंकर के घर भी गए थे, जहां दोनों ने साथ मिलकर एक नई कंपोजिशन पर काम किया है. इस खुलासे के बाद फैंस अब दोनों के आने वाले म्यूजिक प्रोजेक्ट को लेकर और ज्यादा एक्साइटेड हो गए हैं.
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो
कॉन्सर्ट के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. कहीं अरिजीत गिटार बजाते हुए सरगम करते नजर आ रहे हैं, तो कहीं उनकी आवाज पर फैंस झूमते दिख रहे हैं. लाइव स्टेज पर अरिजीत को दोबारा देखकर उनके चाहने वालों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा.
क्यों छोड़ी थी प्लेबैक सिंगिंग?
बता दें, कि अरिजीत सिंह ने पिछले महीने 27 तारीख को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट का ऐलान किया था. उन्होंने साफ कहा था कि वो अब फिल्मों के लिए नहीं गाएंगे, लेकिन कॉन्सर्ट, लाइव शो और इंडिपेंडेंट म्यूजिक बनाते रहेंगे.