बॉलीवुड की दिग्गज और 80 के दशक की सुपरस्टार जीनत अमान एक बार फिर अपने बेबाक बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में उन्होंने युवा कपल्स को सलाह दी है कि शादी जैसा बड़ा फैसला लेने से पहले कुछ साल लिव-इन रिलेशनशिप में रहकर एक-दूसरे को समझना ज्यादा बेहतर विकल्प हो सकता है। जीनत अमान ने कहा कि अगर कोई रिश्ता 15 साल तक दुख और समझौते में गुजरता है, तो उससे बेहतर है कि 5 साल साथ रहकर यह समझ लिया जाए कि दोनों लोग एक-दूसरे के साथ आगे जीवन बिता सकते हैं या नहीं। उनके इस बयान ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। कुछ लोग उनकी सोच का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कई लोग इसकी आलोचना भी कर रहे हैं। एक्ट्रेस ने आगे कहा कि आज के समय में कोई भी रिश्ता सिर्फ कागजों या सामाजिक मान्यता पर नहीं चलता, बल्कि मानसिक और भावनात्मक तालमेल ज्यादा जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि शादी से पहले साथ रहना रिश्ते की असली परीक्षा होती है, जिससे यह साफ हो जाता है कि दोनों पार्टनर की सोच, करियर, बच्चों और लाइफस्टाइल को लेकर कितनी समानता है। जीनत अमान की निजी जिंदगी भी अक्सर चर्चा में रही है। उनकी पहली शादी संजय खान से हुई थी, जो सफल नहीं रही। बाद में उन्होंने मजहर खान से शादी की, लेकिन वह रिश्ता भी उनके लिए कठिन साबित हुआ। हालांकि, उनके विचारों पर हमेशा सहमति नहीं रही है। कई बार उन्हें आलोचना का सामना भी करना पड़ा है, लेकिन जीनत अपने बयान पर आज भी कायम हैं और उनका मानना है कि रिश्तों में समझदारी और पारदर्शिता सबसे जरूरी है।

---विज्ञापन---