टीवी इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री युविका चौधरी इन दिनों अपनी कुछ वायरल तस्वीरों को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में युविका बेबी बंप के साथ नजर आईं, जिसके बाद फैंस ने कयास लगाने शुरू कर दिए कि वह दूसरी बार मां बनने वाली हैं। तस्वीरें वायरल होते ही उन्हें बधाइयां मिलने लगीं और इंटरनेट पर उनकी दूसरी प्रेग्नेंसी को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। हालांकि, इन खबरों के पीछे की सच्चाई कुछ और ही निकली। दरअसल, हाल ही में युविका चौधरी ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक नया व्लॉग शेयर किया। इस व्लॉग में वह एक शूटिंग प्रोजेक्ट के लिए तैयार होती नजर आईं। मेकअप और कॉस्ट्यूम के बाद जब वह शूटिंग लोकेशन पर पहुंचीं तो मजाकिया अंदाज में कैमरे से बोलीं, “मैं प्रेग्नेंट हो गई हूं। एक घंटे पहले तक सब कुछ बिल्कुल नॉर्मल था, लेकिन अचानक मैं प्रेग्नेंट हो गई।” युविका की यह बात और उनका बेबी बंप लुक देखकर कई लोगों को लगा कि वह सचमुच अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी की घोषणा कर रही हैं। लेकिन बाद में पता चला कि अभिनेत्री अपने एक नए प्रोजेक्ट की शूटिंग कर रही थीं, जिसमें वह एक गर्भवती महिला का किरदार निभा रही हैं। उनके कॉस्ट्यूम और मेकअप की वजह से उनका लुक बेहद वास्तविक लग रहा था। युविका ने मजाक में यह भी कहा कि उनके पति प्रिंस नरूला को दूसरा बच्चा चाहिए था, इसलिए वह इसके लिए तैयार हो गई हैं। हालांकि, यह सिर्फ शूटिंग का हिस्सा था। बता दें कि युविका और प्रिंस की मुलाकात ‘बिग बॉस 9’ में हुई थी। दोनों ने 2018 में शादी की थी और 2024 में IVF की मदद से अपनी बेटी एकलीन का स्वागत किया। फिलहाल युविका की दूसरी प्रेग्नेंसी की खबर महज एक अफवाह साबित हुई है।

---विज्ञापन---