बॉलीवुड एक्ट्रेस यामी गौतम और फिल्ममेकर आदित्य धर के मुंबई छोड़कर हिमाचल प्रदेश में बसने की खबरों के बीच यामी का 100 साल पुराना घर सुर्खियों में है। हालांकि, कपल ने अभी इस खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, काम के सिलसिले में दोनों का मुंबई आना-जाना जारी रहेगा, लेकिन वे अपना ज्यादा समय हिमाचल में बिताने का प्लान बना रहे हैं। यामी का ये हेरिटेज घर हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के गोहर इलाके में स्थित है। करीब 25 एकड़ में फैली इस प्रॉपर्टी पर बना घर लगभग 100 साल पुराना बताया जाता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यामी ने शादी से पहले इस प्रॉपर्टी को खरीदा था। हिमाचल से उनका पुराना रिश्ता है, क्योंकि उनका जन्म बिलासपुर में हुआ है। इस घर की सबसे खास बात इसका ट्रेडिशनल हिमाचली डिजाइन है। घर को लकड़ी और पत्थरों से तैयार किया गया है। पुरानी लकड़ी की बीम, मोटी पत्थर की दीवारें, ढलान वाली छत और खूबसूरत खिड़कियां इसे खास लुक देती हैं। घर के अंदर मिनिमल इंटीरियर और नैचुरल रंगों का इस्तेमाल किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस प्रॉपर्टी की कीमत करीब 8 करोड़ रुपये है। घर के आसपास हरियाली और ऑर्गेनिक गार्डन भी हैं, जहां सेब, आलू, प्लम और अदरक जैसी चीजें उगाई जाती हैं।