पद्म भूषण सम्मान मिलने के बाद मशहूर गायिका अलका याग्निक एक बार फिर सुर्खियों में हैं। 23 जून को आयोजित पद्म पुरस्कार समारोह में उन्हें देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण से नवाजा गया। हालांकि इस गौरवपूर्ण पल के दौरान सामने आए कुछ वीडियो और तस्वीरों ने उनके फैंस की चिंता बढ़ा दी। समारोह में जब अलका याग्निक मंच पर सम्मान लेने पहुंचीं, तो कई लोगों ने उनकी धीमी चाल और सहारे के साथ चलते हुए उन्हें नोटिस किया। इसके बाद कार्यक्रम खत्म होने पर उनकी व्हीलचेयर पर बैठी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। इन तस्वीरों को देखकर फैंस उनकी सेहत को लेकर सवाल उठाने लगे। दरअसल, अलका याग्निक पिछले कुछ समय से एक दुर्लभ बीमारी ‘सेंसरीन्यूरल हियरिंग लॉस’ से जूझ रही हैं। एक वायरल अटैक के बाद उन्हें सुनने में परेशानी होने लगी थी, जिसके बारे में उन्होंने पहले भी जानकारी दी थी। फैंस की बढ़ती चिंता को देखते हुए अलका याग्निक ने सोशल मीडिया पर अपनी हेल्थ अपडेट साझा की। उन्होंने लिखा कि पद्म पुरस्कार समारोह का दिन बेहद लंबा और भावनात्मक रहा, जिसके कारण वह काफी थक गई थीं। इसी वजह से कार्यक्रम से लौटते समय उन्होंने व्हीलचेयर की मदद ली थी। अलका ने अपने पोस्ट में यह भी साफ किया कि उनकी तबीयत ठीक है और वह लगातार रिकवरी कर रही हैं। उन्होंने फैंस से चिंता न करने की अपील करते हुए उनके प्यार, दुआओं और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और गृह मंत्रालय का आभार जताते हुए कहा कि यह सम्मान उनके जीवन के सबसे यादगार पलों में से एक है।

---विज्ञापन---