बॉलीवुड में कुछ विवाद ऐसे हैं, जिनकी चर्चा सालों बाद भी होती रहती है। सलमान खान और विवेक ओबेरॉय की 23 साल पुरानी दुश्मनी भी ऐसी ही एक कहानी है। कभी सलमान के खिलाफ खुलकर आरोप लगाने वाले विवेक आज उनकी अपकमिंग फिल्म 'मातृभूमि' को सपोर्ट करते नजर आ रहे हैं। उनका यह बदला हुआ अंदाज हर किसी का ध्यान खींच रहा है। दरअसल, हाल ही में एक इवेंट के दौरान विवेक ओबेरॉय से सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि' को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने फिल्म की तारीफ करते हुए कहा कि भारतीय सेना के शौर्य और बहादुरी पर बनी फिल्म को सभी को सपोर्ट करना चाहिए। इतना ही नहीं, विवेक ने फिल्म के डायरेक्टर अपूर्व लाखिया को अपना अच्छा दोस्त भी बताया और फिल्म की सफलता की उम्मीद जताई। गौरतलब है कि साल 2003 में ऐश्वर्या राय को लेकर सलमान और विवेक के बीच विवाद काफी बढ़ गया था। विवेक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सलमान पर धमकी देने के आरोप लगाए थे। बाद में उन्होंने अवॉर्ड शो में सलमान से माफी भी मांगी, लेकिन दोनों के रिश्ते सामान्य नहीं हो पाए। अब 23 साल बाद विवेक का सलमान की फिल्म के लिए समर्थन दिखाना पुरानी दुश्मनी के बीच एक नया मोड़ माना जा रहा है।