फिल्म 'रामायण' को लेकर इन दिनों जबरदस्त चर्चा है। रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश और रवि दुबे के साथ अब अभिनेता विवेक ओबेरॉय भी सुर्खियों में हैं। फिल्म में विवेक 'विद्युत्जिह्व', यानी शूर्पणखा के पति का किरदार निभाते नजर आएंगे। हालांकि, इस समय उनके अभिनय से ज्यादा उनकी करोड़ों की संपत्ति और बिजनेस साम्राज्य चर्चा का विषय बना हुआ है। विवेक ओबेरॉय ने साल 2002 में फिल्म 'कंपनी' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने 'साथिया', 'युवा', 'ओमकारा' और 'शूटआउट एट लोखंडवाला' जैसी फिल्मों से अपनी अलग पहचान बनाई। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने बिजनेस की दुनिया में भी बड़ी सफलता हासिल की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति करीब 1,200 करोड़ रुपये बताई जाती है। एक इंटरव्यू में विवेक ने बताया था कि बिजनेस की सीख उन्हें बचपन से ही अपने पिता और अभिनेता सुरेश ओबेरॉय से मिली। वह घर के सामान को बेचने की रणनीति बनाने से लेकर उसे घर-घर जाकर बेचने तक का अनुभव हासिल कर चुके थे। उन्होंने दावा किया कि 19 साल की उम्र में अपनी पहली कंपनी के लिए करीब 3 मिलियन डॉलर की फंडिंग जुटाई थी। आज विवेक ओबेरॉय रियल एस्टेट, लैब-ग्रोन डायमंड, एजुकेशन टेक्नोलॉजी, AI, लाइफ साइंसेज और बेवरेज सेक्टर समेत 30 से ज्यादा कंपनियों में निवेश कर चुके हैं। उनका नाम अब बॉलीवुड के सफल अभिनेताओं के साथ-साथ सफल उद्यमियों में भी गिना जाता है।