मुंबई में इन दिनों लगातार हो रही बारिश जहां आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है, वहीं बॉलीवुड के पावर कपल विक्की कौशल और कैटरीना कैफ ने इसी मौसम के बीच अपने रोमांटिक अंदाज से फैंस का दिल जीत लिया है। दोनों की एक खूबसूरत ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। दरअसल, विक्की कौशल ने 2 जुलाई की शाम अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पत्नी कैटरीना कैफ के साथ एक बेहद रोमांटिक तस्वीर शेयर की। तस्वीर में दोनों मुंबई की रिमझिम बारिश का आनंद लेते नजर आ रहे हैं। फोटो हल्की ब्लर जरूर है, लेकिन उसमें दोनों के बीच की केमिस्ट्री और प्यार साफ झलक रहा है। तस्वीर में विक्की आगे खड़े हैं, जबकि कैटरीना उन्हें पीछे से गले लगाकर बारिश के खूबसूरत नजारों का लुत्फ उठाती दिखाई दे रही हैं। उनके चेहरे पर सुकून और खुशी साफ नजर आ रही है। इस तस्वीर की सबसे खास बात इसकी सादगी है। बिना किसी दिखावे या ग्लैमर के सिर्फ एक-दूसरे का साथ और बारिश का रोमांटिक मौसम इस पल को और भी खास बना रहा है। ब्लैक एंड व्हाइट फ्रेम ने तस्वीर की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए हैं। विक्की ने इस पोस्ट के साथ कोई लंबा-चौड़ा कैप्शन नहीं लिखा, बल्कि सिर्फ "बारिश और तुम..." लिखकर अपनी भावनाएं जाहिर कीं। फैंस इस पोस्ट पर लगातार प्यार बरसा रहे हैं और मिस्टर एंड मिसेज कौशल की सादगी, बॉन्डिंग और केमिस्ट्री की जमकर तारीफ कर रहे हैं।