4 जून की सुबह एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। हिंदी सिनेमा के दिग्गज फिल्म निर्माता और पूर्व सेंसर बोर्ड अध्यक्ष पहलाज निहलानी अब हमारे बीच नहीं रहे। 76 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। पहलाज निहलानी के निधन की खबर से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। खबर सामने आते ही बी-टाउन में सन्नाटा पसर गया। फिल्मी दुनिया से जुड़े सितारे, निर्माता, निर्देशक और कलाकार गहरे सदमे में हैं और नम आंखों से वरिष्ठ फिल्ममेकर को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
सिर्फ इंडस्ट्री ही नहीं, बल्कि उनके लाखों चाहने वालों को भी इस खबर से बड़ा झटका लगा है। सोशल मीडिया पर फैंस लगातार उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दे रहे हैं। गौरतलब है कि पहलाज निहलानी का नाम बॉलीवुड के उन चुनिंदा फिल्म निर्माताओं में शुमार रहा, जिन्होंने दशकों तक अपनी अलग पहचान कायम रखी। अपने लंबे करियर में उन्होंने हिंदी सिनेमा को कई यादगार फिल्में दीं और इंडस्ट्री में अहम योगदान निभाया। सामने आ रही जानकारी के मुताबिक, पहलाज निहलानी पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। बताया जा रहा है कि लीवर से जुड़ी समस्याओं के चलते उन्होंने 76 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। जिस शख्स ने अपनी फिल्मों और योगदान से इंडस्ट्री को अनगिनत यादें दीं, उनके यूं अचानक चले जाने से मनोरंजन जगत में एक ऐसा खालीपन पैदा हो गया है, जिसे भर पाना आसान नहीं होगा। पहलाज निहलानी का जाना हिंदी सिनेमा के लिए एक अपूरणीय क्षति है।