80 और 90 के दशक में अपने शानदार डांस से लाखों दिलों पर राज करने वालीं साउथ सिनेमा और बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस-डांसर डिस्को शांति की एक तस्वीर ने फैंस को चिंता में डाल दिया है। वायरल तस्वीर में एक्ट्रेस अस्पताल के कपड़ों में नजर आ रही हैं और उनकी नाक में ऑक्सीजन कैनुला लगी दिखाई दे रही है। हालांकि, अब डिस्को शांति अस्पताल से घर लौट चुकी हैं। दरअसल, डिस्को शांति ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अस्पताल की एक तस्वीर शेयर की थी। फोटो में वह पेशेंट गाउन पहने नजर आईं और नाक पर ऑक्सीजन ट्यूब लगी हुई थी। इसके साथ उन्होंने ‘बैक होम’ लिखा और हंसने वाले इमोजी शेयर किए। हालांकि, उन्होंने अस्पताल में भर्ती होने की वजह या अपनी बीमारी के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। तस्वीर सामने आने के बाद फैंस ने कमेंट्स में उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई और जल्द ठीक होने की दुआ की। बता दें कि डिस्को शांति का असली नाम संथा कुमारी है। उन्होंने 1983 में तमिल फिल्म ‘वंसतथामे वरुगा’ से करियर शुरू किया था। उन्होंने तमिल, तेलुगु, कन्नड़, हिंदी, मलयालम और ओडिया फिल्मों में काम किया और अपने डांस नंबरों से खास पहचान बनाई। उन्होंने करीब 900 फिल्मों में काम किया है। साल 1996 में उन्होंने एक्टर श्रीहरी से शादी की और इसके बाद फिल्मों से दूरी बना ली।