Anita Kanwal इन दिनों जिंदगी के बेहद मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। कभी टीवी इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री रहीं अनीता आज काम के लिए ऑडिशन देने को मजबूर हैं, लेकिन हर बार उन्हें रिजेक्शन का सामना करना पड़ रहा है। एक समय था जब वह एक साथ 13-13 शोज में काम किया करती थीं, लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में अनीता कंवल भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि इंडस्ट्री में 40-45 साल काम करने के बाद भी लोग उनसे पूछते हैं कि उन्होंने क्या काम किया है। अनीता ने कहा कि जब उनसे इंट्रोडक्शन देने को कहा जाता है, तो उन्हें बेहद दुख होता है। उन्होंने कहा, “मैं तबसे एक्टिंग कर रही हूं, जब आज के कई लोग पैदा भी नहीं हुए थे।” अनीता की बातों से साफ झलकता है कि लगातार मिल रहे रिजेक्शन ने उन्हें अंदर से तोड़ दिया है।