बॉलीवुड की रंगीला गर्ल उर्मिला मातोंडकर की निजी जिंदगी एक बार फिर चर्चा में है। साल 2024 में उर्मिला और उनके पति मोहसिन अख्तर मीर के तलाक की खबरों ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उर्मिला ने सितंबर 2024 में अपनी 8 साल पुरानी शादी खत्म करने का फैसला लेते हुए फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की थी। हालांकि, दोनों ने कभी भी अलगाव की वजहों पर खुलकर बात नहीं की। अब मोहसिन अख्तर मीर को लेकर एक नई चर्चा शुरू हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक तस्वीर के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि मोहसिन ने अपनी जिंदगी में आगे बढ़ते हुए दूसरी शादी कर ली है। दरअसल, मोहसिन ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वह एक मिस्ट्री गर्ल का हाथ थामे नजर आ रहे हैं। तस्वीर में दोनों की उंगलियों में डायमंड रिंग दिखाई दे रही है, जबकि महिला के हाथों में गहरी मेहंदी भी लगी हुई है। इस पोस्ट के साथ मोहसिन ने हार्ट इमोजी भी शेयर किया। हालांकि, उन्होंने महिला की पहचान उजागर नहीं की है और न ही दूसरी शादी को लेकर कोई आधिकारिक बयान दिया है। ऐसे में सोशल मीडिया यूजर्स और फैंस लगातार अटकलें लगा रहे हैं कि मोहसिन ने अपनी जिंदगी की नई शुरुआत कर ली है। बता दें कि उर्मिला और मोहसिन ने साल 2016 में बेहद निजी समारोह में शादी की थी।