टीवी इंडस्ट्री से एक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। 'गुम है किसी के प्यार में' फेम एक्ट्रेस तन्वी ठक्कर ने पति आदित्य कपाड़िया से अलग होने का ऐलान कर दिया है। शादी के पांच साल बाद दोनों ने आपसी सहमति से अपने रिश्ते को खत्म करने का फैसला लिया है। तन्वी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक भावुक नोट शेयर करते हुए बताया कि यह उनकी जिंदगी के सबसे कठिन और भावनात्मक फैसलों में से एक है। उन्होंने लिखा कि काफी सोच-विचार के बाद दोनों ने अलग-अलग रास्तों पर आगे बढ़ने का निर्णय लिया है। एक्ट्रेस ने साफ किया कि इस फैसले में किसी तरह की कड़वाहट, विवाद या ड्रामा नहीं है, बल्कि दोनों ने एक-दूसरे और अपने परिवारों का सम्मान करते हुए यह कदम उठाया है। अपने पोस्ट में तन्वी ने मीडिया, दोस्तों और फैंस से उनकी प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील भी की। उन्होंने बताया कि फिलहाल वह इस विषय पर किसी कॉल या मैसेज का जवाब नहीं देंगी। पोस्ट शेयर करने के साथ ही उन्होंने अपना कमेंट सेक्शन भी बंद कर दिया। बता दें कि पिछले कुछ समय से दोनों के रिश्ते में दरार की खबरें सामने आ रही थीं। सोशल मीडिया पर साथ में तस्वीरें और पोस्ट कम होने के बाद अलगाव की अटकलें तेज हो गई थीं। तन्वी और आदित्य की मुलाकात टीवी शो 'एक दूसरे से करते हैं हम प्यार' के सेट पर हुई थी। दोनों ने 2021 में कोर्ट मैरिज की थी और 2023 में बेटे कृषय का स्वागत किया था।

---विज्ञापन---