टीवी और मराठी इंडस्ट्री के पॉपुलर कपल अमृता खानविलकर और हिमांशू मल्होत्रा पिछले कुछ दिनों से अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। दोनों की 11 साल की शादी में दरार और तलाक की खबरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही थीं। दरअसल, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि अमृता और हिमांशू करीब डेढ़ साल से अलग-अलग रह रहे हैं। लंबे समय से दोनों के सोशल मीडिया पोस्ट में साथ नजर नहीं आने के बाद इन खबरों को और हवा मिली। हालांकि, हिमांशू मल्होत्रा ने इन खबरों पर सफाई देते हुए कहा था कि अलग रहना और तलाक होना दो अलग बातें हैं और वह अभी भी अमृता के पति हैं। उन्होंने अपनी निजी जिंदगी पर ज्यादा बात करने से इनकार कर दिया था। अब अमृता खानविलकर ने भी इन अफवाहों पर कड़ा रुख अपनाया है। एक्ट्रेस की लीगल टीम ने इंस्टाग्राम पर एक नोट शेयर कर कहा कि कुछ ऑनलाइन और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर अमृता की पर्सनल लाइफ को लेकर झूठी, बदनाम करने वाली और प्राइवेसी में दखल देने वाली बातें फैलाई जा रही हैं। टीम ने साफ चेतावनी दी कि बिना पुष्टि की जानकारी और अफवाहें फैलाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। बता दें कि अमृता और हिमांशू ने कई साल डेटिंग के बाद जनवरी 2015 में शादी की थी। 2025 में भी दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चा हुई थी, जब हिमांशू ने बताया था कि अमृता ने उन्हें सोशल मीडिया पर ब्लॉक कर दिया था।

---विज्ञापन---