टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस नीति टेलर ने अपने पास्ट रिलेशनशिप को लेकर ऐसा खुलासा किया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। 'कैसी ये यारियां' फेम एक्ट्रेस ने रियलिटी शो 'Alliance' में बताया कि वह कभी एक बेहद टॉक्सिक और अब्यूसिव रिश्ते में थीं। नीति ने कहा कि उनका एक्स-बॉयफ्रेंड हिंसक और साइकोटिक स्वभाव का था। एक बार उसने उन्हें सिगरेट से जला दिया था और एक रात अपने जन्मदिन पर आपा खोकर उन्हें जोरदार थप्पड़ भी मारा। नीति ने बताया कि जब रिश्ता मारपीट और शारीरिक शोषण तक पहुंच गया, तब उन्होंने बिना देर किए उस रिश्ते को हमेशा के लिए खत्म करने का फैसला कर लिया। शो में उन्होंने अपनी जांघ पर मौजूद पुराने निशान का जिक्र करते हुए उस दर्दनाक घटना को याद किया। एक्ट्रेस ने कहा कि उस समय वह कम उम्र और नासमझ थीं, इसलिए सामने वाले के असली स्वभाव को समझ नहीं पाईं। लेकिन जब हालात बेकाबू हो गए, तो उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। इसी बातचीत में नीति ने अपनी शादीशुदा जिंदगी को लेकर उड़ रही अफवाहों पर भी प्रतिक्रिया दी। गौरतलब है कि उन्होंने अगस्त 2020 में परीक्षित बावा से शादी की थी। साल 2024 में दोनों के अलग होने की खबरें सामने आई थीं। इस पर नीति ने कहा, "कभी-कभी किसी अफवाह पर चुप रहना ही सबसे बड़ा जवाब होता है। अगर आपकी जिंदगी में ऐसा कुछ हो ही नहीं रहा, तो सफाई देने की जरूरत नहीं होती।"

---विज्ञापन---