टीवी की मशहूर एक्ट्रेस टीना दत्ता इन दिनों मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। ‘उतरन’ में इच्छा का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाली टीना के साथ उनके मुंबई स्थित घर में एक बड़ा हादसा हुआ है। एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उनके घर की हालत देखकर फैंस भी हैरान रह गए। वीडियो में घर के अंदर सामान बिखरा हुआ और चारों तरफ मलबा नजर आ रहा है। टीना ने बताया कि उनके घर की छत का एक हिस्सा अचानक गिर गया और सीधे उनके सिर पर आ लगा। इस हादसे में उनके घर को काफी नुकसान पहुंचा है। बता दें कि टीना का घर मुंबई के गोरेगांव इलाके की एक आलीशान सोसाइटी में है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके इस घर की अनुमानित कीमत 2 से 4 करोड़ रुपये के बीच बताई जाती है। एक्ट्रेस ने यह भी खुलासा किया कि वह पिछले चार-पांच सालों से अपने ही घर में कई परेशानियों का सामना कर रही हैं। इन हालातों का असर उनकी सेहत पर भी पड़ा है। उन्होंने पुलिस को भी फोन किया था। वहीं, टीना का वीडियो सामने आने के बाद फैंस उनके सपोर्ट में उतर आए हैं। लोग उन्हें हिम्मत बनाए रखने और जल्द सब ठीक होने की दुआ कर रहे हैं।