टीवी एक्ट्रेस चारू असोपा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में एक्ट्रेस ने खुलासा किया था कि उनका क्लोदिंग बिजनेस अच्छा नहीं चल रहा था, जिसके चलते उन्हें अपनी कपड़ों की दुकान बंद करनी पड़ी। चारू ने बताया था कि वह अपनी और बेटी जियाना की जरूरतें पूरी करने के लिए व्लॉगिंग करती हैं। इसी बीच अब उनकी शादीशुदा जिंदगी से जुड़े पुराने किस्से फिर चर्चा में आ गए हैं। दरअसल, साल 2022 में तलाक की प्रक्रिया के दौरान दिए एक इंटरव्यू में चारू ने अपने पूर्व पति राजीव सेन पर गंभीर आरोप लगाए थे। एक्ट्रेस के मुताबिक, अपनी पहली प्रेग्नेंसी के दौरान उन्हें पति की बेवफाई का सामना करना पड़ा था। चारू ने दावा किया था कि राजीव अक्सर सुबह घर से निकलते और देर रात वापस लौटते थे। उनके देर से आने की वजहों पर चारू को शक होने लगा था। चारू ने यह भी बताया था कि एक बार राजीव के बैग में उन्हें कुछ ऐसा सामान मिला, जिससे उनका शक यकीन में बदल गया और उन्हें लगा कि पति उन्हें धोखा दे रहे हैं। एक्ट्रेस ने शादी के दौरान मानसिक और शारीरिक तकलीफों का सामना करने की बात भी कही थी। उन्होंने कई बार रिश्ते को बचाने के लिए राजीव को माफ किया, लेकिन हालात नहीं सुधरे और आखिरकार दोनों ने तलाक का फैसला लिया। वहीं, राजीव सेन ने भी चारू पर अपने को-स्टार करण मेहरा के साथ रिश्ते का आरोप लगाया था, जिसे चारू ने गलत बताया था। तलाक के बाद दोनों ने बेटी जियाना के लिए आपसी मतभेद भुलाकर दोस्ती कायम कर ली।