ग्लैमर की दुनिया में जितनी तेजी से रिश्ते बनने की खबरें सामने आती हैं, उतनी ही तेजी से ब्रेकअप, धोखे और हार्टब्रेक की कहानियां भी सुर्खियां बटोरती हैं। इन दिनों भी टीवी इंडस्ट्री के हैंडसम और टैलेंटेड एक्टर हर्षद चोपड़ा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। वजह है उनका 16 साल पुराना दर्द, जिसका खुलासा उन्होंने पहली बार सबके सामने किया है।टीवी की दुनिया में अपनी दमदार एक्टिंग से पहचान बनाने वाले हर्षद चोपड़ा इन दिनों Netflix के रियलिटी शो 'Lock Up 2' में नजर आ रहे हैं। शो के प्रीमियर एपिसोड में उन्होंने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा ऐसा राज साझा किया, जिसे उन्होंने पिछले 16 सालों से अपने दिल में छिपाकर रखा था।शो के दौरान हर्षद ने बताया कि साल 2010 में उन्हें अपनी लव लाइफ में ऐसा धोखा मिला, जिसने उन्हें अंदर तक तोड़ दिया था। एक्टर ने खुलासा किया कि उनकी गर्लफ्रेंड ने उनके ही सबसे करीबी दोस्त के साथ उन्हें धोखा दिया था। जिन दो लोगों पर उन्हें सबसे ज्यादा भरोसा था, वही उनके भरोसे को तोड़ गए।
अपनी कहानी साझा करते हुए हर्षद ने कहा, मैंने एक ही समय में अपनी गर्लफ्रेंड और अपने सबसे अच्छे दोस्त, दोनों को खो दिया। मेरी गर्लफ्रेंड ने मेरे बेस्ट फ्रेंड के साथ मुझे धोखा दिया था। उस घटना के बाद से मैं लोगों पर भरोसा करने में थोड़ा सावधान हो गया हूं। यही मेरा सबसे बड़ा राज है। हैरानी की बात यह है कि हर्षद ने अपने जीवन का यह दर्दनाक अनुभव पिछले 16 सालों तक कभी सार्वजनिक रूप से साझा नहीं किया था। 'Lock Up 2' में इस घटना का जिक्र करते समय वह काफी भावुक नजर आए। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वह स्वभाव से बेहद इमोशनल हैं और लोगों पर जल्दी भरोसा कर लेते हैं, लेकिन इस घटना ने उन्हें रिश्तों को लेकर काफी सतर्क बना दिया।फिलहाल, हर्षद चोपड़ा का यह खुलासा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फैंस उनके साहस की तारीफ कर रहे हैं और उनके लिए सहानुभूति भी जता रहे हैं।