'कसौटी जिंदगी की' फेम टीवी एक्टर पार्थ समथान की कुछ इमोशनल तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन तस्वीरों में 35 वर्षीय एक्टर की आंखों में आंसू और चेहरे पर दर्द साफ नजर आ रहा है, जिसे देखकर उनके फैंस काफी परेशान हो गए। कई लोगों ने उनकी तबीयत और मानसिक स्थिति को लेकर चिंता जताते हुए उन्हें डायरेक्ट मैसेज भी किए। दरअसल, 25 जून को पार्थ ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह तकिए पर सिर रखकर भावुक नजर आए। वीडियो में उनकी लाल आंखें और उदास चेहरा देखकर फैंस को लगा कि वह किसी मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनके रोने की वजह को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे। फैंस की बढ़ती चिंता को देखते हुए पार्थ ने एक और इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर कर स्थिति साफ की। उन्होंने लिखा, "मैं अब बिल्कुल ठीक हूं। हम सभी की जिंदगी में ऐसे दौर आते हैं और अपनी भावनाओं को व्यक्त करना पूरी तरह स्वाभाविक है। मुझे हजारों डायरेक्ट मैसेज मिले, जिससे एहसास हुआ कि इस दुनिया में आज भी दया और करुणा बाकी है। आप सिर्फ मेरे फॉलोअर्स नहीं, बल्कि मेरे शुभचिंतक हैं।" पार्थ के इस संदेश के बाद उनके फैंस ने राहत की सांस ली। साथ ही सोशल मीडिया पर लोग उन्हें मजबूत बने रहने और अपना ख्याल रखने की सलाह दे रहे हैं। एक्टर ने साफ कर दिया है कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनका यह भावुक पल जिंदगी के सामान्य उतार-चढ़ाव का हिस्सा था।