बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता राजेश शर्मा इन दिनों अपनी हेल्थ को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आने के बाद फैंस चिंतित हो गए थे। शुरुआती रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि 'फौजी' की शूटिंग के दौरान किसी जहरीले कीड़े के काटने से उनके पैर में संक्रमण फैल गया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, अब उनके मैनेजर ने इन दावों को गलत बताया है और कहा है कि वायरल हो रही जानकारी पूरी तरह सही नहीं है। राजेश शर्मा ने 'माचिस', 'परिणीता', 'स्पेशल 26', 'पीकू' और 'भूल भुलैया' जैसी फिल्मों में अपनी दमदार एक्टिंग से खास पहचान बनाई है। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि फिल्म इंडस्ट्री में आने से पहले वह ड्राइवर का काम किया करते थे। संघर्ष के बाद उन्होंने बॉलीवुड में अपनी अलग जगह बनाई। उनकी निजी जिंदगी भी काफी दिलचस्प रही है। राजेश शर्मा की पहली शादी बंगाली अभिनेत्री सुदीप्ता चक्रवर्ती से हुई थी, लेकिन कुछ वर्षों बाद दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद साल 2011 में उन्होंने संगीता शर्मा से दूसरी शादी की। दोनों की शादी को करीब 15 साल हो चुके हैं, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं है। अभिनेता ने कभी भी अपनी निजी जिंदगी या पिता न बनने के विषय पर सार्वजनिक रूप से बात नहीं की। फिलहाल फैंस उनकी जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं और उनकी हेल्थ से जुड़े आधिकारिक अपडेट का इंतजार कर रहे हैं।