बॉलीवुड से इस वक्त बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मशहूर गजल सिंगर तलत अजीज के मुंबई स्थित घर में 2 अक्टूबर की देर रात अचानक भीषण आग लग गई। हादसा इतना गंभीर था कि कुछ ही देर में पूरे घर में धुआं भर गया और परिवार के लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। इसके बाद तलत अजीज, उनकी पत्नी बीना अजीज, दोनों बेटे शायान और अदनान और सिकंदर सिंह को अस्पताल ले जाया गया। जानकारी के मुताबिक, आग रात करीब 10:56 बजे मुंबई के जुहू इलाके में स्थित मित्तल पार्क बिल्डिंग के डुप्लेक्स अपार्टमेंट में लगी। शुरुआती जानकारी में आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। तलत अजीज ने बताया कि वह नीचे हॉल में टीवी देख रहे थे, जबकि उनकी पत्नी ऊपर के कमरे में थीं। अचानक हॉल में लगे एसी से चिंगारियां निकलने लगीं और देखते ही देखते आग फैल गई। तलत की पत्नी बीना अजीज ने भी इस मुश्किल वक्त में हिम्मत दिखाई। धुएं से बचने के लिए वह बाथरूम में चली गईं और शावर चालू कर दिया। इसके बाद उन्होंने खिड़की से मदद के लिए आवाज लगाई। एक पड़ोसी ने सीढ़ी की मदद से उन्हें खिड़की के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाला। मुंबई फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया। हादसे के बाद अदनान की हालत गंभीर बताई गई थी और उन्हें आईसीयू में रखा गया, लेकिन इलाज के बाद शनिवार को सभी को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। आग में सोफा, एसी, बिजली की वायरिंग, हारमोनियम, पेंटिंग्स और घर का कई कीमती सामान जल गया। घर की मरम्मत होने तक परिवार होटल में रहेगा। तलत अजीज ने फायर ब्रिगेड, पुलिस, एंबुलेंस और पड़ोसियों का शुक्रिया अदा किया।