एक वक्त था जब ऋतिक रोशन और सुजैन खान बॉलीवुड के सबसे पसंदीदा कपल्स में गिने जाते थे। हालांकि, शादी के करीब 14 साल बाद दोनों ने तलाक लेकर अपनी राहें अलग कर लीं। अलग होने के बावजूद दोनों ने दोस्ती बनाए रखी और अपने बच्चों की परवरिश मिलकर करने का फैसला किया। अब ऋतिक, सबा आजाद के साथ रिलेशनशिप में हैं, तो सुजैन की जिंदगी में अर्सलान गोनी हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में सुजैन ने अर्सलान के साथ अपने रिश्ते पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि वह खुद को खुशनसीब मानती हैं कि अर्सलान उनकी जिंदगी में आए। सुजैन के मुताबिक, अर्सलान एक बेहतरीन इंसान हैं और दोनों सही वक्त पर एक-दूसरे से मिले। उन्होंने बताया कि वे जिंदगी को खुलकर जीने में विश्वास रखते हैं और हर परिस्थिति में एक-दूसरे का साथ निभाने के लिए तैयार हैं। सुजैन ने यह भी कहा कि वह अपने रिश्ते में सुरक्षित महसूस करती हैं। उनका करियर अच्छा चल रहा है और वह अपने बच्चों के साथ भी बेहद खुश हैं। इसके अलावा, सुजैन ने अपने एक्स-हसबैंड ऋतिक रोशन और सबा आजाद के रिश्ते पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सबा की तारीफ करते हुए कहा कि वह शानदार इंसान हैं और ऋतिक उन्हें पाकर वाकई खुशनसीब हैं।