बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का परिवार अक्सर सुर्खियों में बना रहता है, लेकिन परिवार की बड़ी बहू और सनी देओल की पत्नी पूजा देओल हमेशा लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करती हैं। यही वजह है कि जब भी वह सार्वजनिक रूप से नजर आती हैं, फैंस की नजरें उन पर टिक जाती हैं। हाल ही में पूजा देओल को पति सनी देओल के साथ मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया। लंबे समय बाद कैमरों में कैद हुईं पूजा का नया अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। एयरपोर्ट पर सबसे पहले सनी देओल अपनी गाड़ी से उतरे। ऑलिव ग्रीन शर्ट और ब्लू डेनिम जींस में वह अपने सिग्नेचर रफ एंड टफ लुक में नजर आए। हालांकि, कुछ ही देर बाद जब पूजा देओल कार से बाहर आईं तो लोगों का ध्यान उनकी ओर चला गया। ऑफ-व्हाइट शर्ट, ब्लैक ट्राउजर, स्टाइलिश चश्मे और सिल्की शॉर्ट हेयरस्टाइल में पूजा बेहद स्मार्ट और एलिगेंट दिखीं। उनका यह मॉडर्न लुक फैंस को काफी पसंद आ रहा है। गौरतलब है कि पूजा देओल आखिरी बार बेटे करण देओल की शादी के दौरान चर्चा में आई थीं। अब लंबे समय बाद उनकी सार्वजनिक मौजूदगी ने एक बार फिर फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। सोशल मीडिया पर भी उनके इस नए लुक की खूब तारीफ हो रही है।