बॉलीवुड में सनी देओल और डिंपल कपाड़िया के कथित रिश्ते की चर्चा एक बार फिर सुर्खियों में है। दोनों सितारों के अफेयर को लेकर सालों से कई तरह के दावे किए जाते रहे हैं, हालांकि सनी और डिंपल ने कभी भी अपने रिश्ते को लेकर सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं दिया। अब एक सीनियर फिल्म जर्नलिस्ट के दावे ने पुरानी चर्चाओं को फिर से हवा दे दी है। जर्नलिस्ट ज्योति वेंकटेश ने एक मीडिया इंटरव्यू में एक किस्सा साझा करते हुए बताया कि एक बार वह सनी देओल का इंटरव्यू लेने कमालिस्तान स्टूडियो पहुंचे थे। उन्होंने दावा किया कि जब वह सनी की वैनिटी वैन में जाने वाले थे, तो उनके असिस्टेंट ने उन्हें रोक दिया और इंतजार करने को कहा। करीब आधे घंटे बाद सनी बाहर आए और फिर भी उन्हें कुछ देर रुकने के लिए कहा गया। जर्नलिस्ट के मुताबिक, थोड़ी देर बाद डिंपल कपाड़िया उसी वैनिटी वैन से बाहर निकलीं और उन्होंने उन्हें देखकर अभिवादन किया। बाद में सनी ने बताया कि वह किसी प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा कर रहे थे। हालांकि, जब उस प्रोजेक्ट की कोई जानकारी सामने नहीं आई तो जर्नलिस्ट को लगा कि दोनों के बीच सिर्फ प्रोफेशनल रिश्ता नहीं था। गौरतलब है कि इससे पहले भी लंदन से सनी और डिंपल की एक कथित तस्वीर वायरल हुई थी, जिसके बाद उनके रिश्ते की चर्चाएं तेज हो गई थीं। हालांकि, दोनों कलाकारों ने कभी इन दावों की पुष्टि नहीं की है। ज्योति वेंकटेश के ये दावे उनके निजी अनुभव पर आधारित हैं, जिन पर सनी देओल और डिंपल कपाड़िया की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

---विज्ञापन---