टीवी अभिनेता सुमित सचदेव ने हाल ही में अपने साथ हुए एक खतरनाक हादसे का खुलासा किया है। 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' सीजन 2 में गौतम विरानी का किरदार निभा रहे सुमित ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर बताया कि डिनर के दौरान वह चोकिंग का शिकार हो गए थे और कुछ पल के लिए उनकी जान पर बन आई थी। सुमित ने बताया कि वह परिवार के साथ खाना खा रहे थे, तभी अचानक खाने का एक टुकड़ा उनके गले में फंस गया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि वह न सांस ले पा रहे थे, न बोल पा रहे थे और न ही किसी से मदद मांगने की हालत में थे। उन्होंने खांसकर खाना बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। समय रहते परिवार ने स्थिति की गंभीरता को समझा और तुरंत हेमलिच मैन्यूवर तकनीक का इस्तेमाल किया। इस लाइफ-सेविंग फर्स्ट-एड तकनीक की मदद से गले में फंसा खाना बाहर निकाला गया और सुमित की जान बच गई। वीडियो के जरिए अभिनेता ने लोगों से अपील की कि चोकिंग जैसी घटनाओं को कभी हल्के में न लें। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को बेसिक फर्स्ट-एड और हेमलिच मैन्यूवर जैसी जरूरी तकनीकों की जानकारी होनी चाहिए, क्योंकि आपात स्थिति में सही समय पर उठाया गया कदम किसी की जान बचा सकता है। वर्क फ्रंट की बात करें तो सुमित सचदेव साल 2002 से टीवी इंडस्ट्री में सक्रिय हैं और कई लोकप्रिय धारावाहिकों में नजर आ चुके हैं।