बॉलीवुड एक्ट्रेस मनीषा कोइराला अपनी जिंदगी में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को मात दे चुकी हैं। लेकिन इस मुश्किल सफर के दौरान उन्होंने बेहद दर्दनाक दौर का सामना किया। एक तरफ उनकी शादी टूटने का दर्द था और दूसरी तरफ उन्हें स्टेज 4 ओवेरियन कैंसर होने की खबर मिली। हाल ही में एक इंटरव्यू में मनीषा ने उस रात को याद किया, जब उन्हें पहली बार कैंसर के बारे में पता चला। उन्होंने बताया कि वह नेपाल के नॉर्विक इंटरनेशनल हॉस्पिटल में थीं। कैंसर की पुष्टि के बाद अस्पताल में बिताई वह रात उनकी जिंदगी की सबसे लंबी और अकेली रात थी। उन्हें ऐसा लग रहा था कि अब उनकी मौत होने वाली है और चारों तरफ सिर्फ अंधेरा नजर आ रहा था। मनीषा ने यह भी बताया कि कैंसर के दौरान उन्हें कई बार बेहद अकेलापन महसूस हुआ। उनके मुताबिक, बीमारी ने उन्हें यह समझाया कि एक मरीज किस तरह मानसिक और भावनात्मक संघर्ष से गुजरता है। बता दें कि साल 2012 में मनीषा को स्टेज 4 ओवेरियन कैंसर हुआ था। इलाज के लिए वह न्यूयॉर्क गईं, जहां Memorial Sloan Kettering Cancer Center में करीब छह महीने तक उनका उपचार चला। इसी साल उनके पति सम्राट दहल से तलाक भी हुआ था। शादी के करीब दो साल बाद दोनों अलग हो गए थे। आज मनीषा कैंसर फ्री जिंदगी जी रही हैं और लगातार लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक करती हैं।