बांग्लादेशी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर एक्टर सोहेल खान का 66 साल की उम्र में अचानक निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से परिवार, फैंस और पूरी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि एक्टर अपनी अपकमिंग फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में बांग्लादेश के बोगुरा पहुंचे हुए थे, जहां वह फिल्म की पूरी टीम के साथ एक होटल में ठहरे थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 24 नवंबर की सुबह करीब 8:30 बजे सोहेल खान ने होटल में नाश्ता किया था। उस वक्त उनकी तबीयत बिल्कुल सामान्य थी। नाश्ते के बाद जब वह अपने कमरे में गए, तो अचानक उन्हें हार्ट अटैक आ गया। उनकी हालत बिगड़ते ही टीम के लोग उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 9:30 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली। फिल्म के डायरेक्टर और प्रोड्यूसर ने भी उनके निधन की पुष्टि की है। सोहेल खान पिछले करीब दो दशकों से फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री में सक्रिय थे। उन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई थी। 'गुलाब जामुन', 'फैमिली क्राइसिस', 'लीडर' और 'जंगली' जैसे प्रोजेक्ट्स में उनके काम को काफी पसंद किया गया। उनके अचानक निधन से बांग्लादेशी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को बड़ा झटका लगा है।