बॉलीवुड के मशहूर सिंगर सोनू निगम इन दिनों एक गंभीर हेल्थ प्रॉब्लम का सामना कर रहे हैं। अपनी मधुर आवाज़ से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले सोनू ने खुद सोशल मीडिया के जरिए अपनी सेहत को लेकर बड़ा खुलासा किया है। सोनू निगम ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए बताया कि उन्हें गले और गर्दन से जुड़ी 'पिंच्ड नर्व' की समस्या हो गई है, जिसके कारण वह पिछले एक हफ्ते से लगातार दर्द झेल रहे हैं। इस दौरान उनके कई मेडिकल टेस्ट हुए हैं और उनका इलाज स्कैन, दवाइयों और फिजियोथेरेपी की मदद से चल रहा है। सिंगर ने बताया कि गले की मांसपेशियों को आराम देने वाली दवाइयों का असर उनकी आवाज पर भी पड़ा है, जिससे उनकी आवाज भारी हो गई है। हालांकि इतनी परेशानी के बावजूद सोनू ने अपने फैंस के लिए लाइव परफॉर्मेंस देने का फैसला किया। परफॉर्मेंस से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में उन्होंने बताया कि करीब एक महीने से ज्यादा समय बाद वह स्टेज पर वापसी कर रहे हैं। सोनू की यह हिम्मत देखकर फैंस भावुक हो गए हैं और सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं। बता दें कि सोनू निगम ने बचपन से ही संगीत की दुनिया में कदम रखा और अपनी बेहतरीन गायकी से भारतीय संगीत जगत में एक खास पहचान बनाई।