टीवी एक्टर शोएब इब्राहिम इन दिनों अपने परिवार के साथ बेहद मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। उनके पिता पिछले कई दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ था, जिसके बाद उनकी हालत काफी गंभीर हो गई थी। कुछ समय तक उन्हें ICU में रखा गया और वेंटिलेटर सपोर्ट भी देना पड़ा। इस दौरान पूरा परिवार चिंता में डूबा रहा। हालांकि अब राहत की खबर सामने आई है। शोएब के मुताबिक उनके पिता की तबीयत में पहले से काफी सुधार हुआ है और वह डॉक्टरों की निगरानी में धीरे-धीरे रिकवर कर रहे हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर शोएब के पिता के निधन की फर्जी खबरें वायरल होने लगीं। जब यह बात शोएब तक पहुंची तो उन्होंने अपने लेटेस्ट व्लॉग में नाराजगी जाहिर करते हुए ऐसी अफवाहें फैलाने वालों को जमकर फटकार लगाई। शोएब ने कहा कि उनका परिवार पहले ही एक कठिन समय से गुजर रहा है और ऐसे वक्त में बिना किसी सच्चाई के गलत खबरें फैलाना बेहद गैर-जिम्मेदाराना और असंवेदनशील है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “मेरे पिता जिंदा हैं, पहले से बेहतर हैं और लगातार ठीक हो रहे हैं।” शोएब ने यह भी बताया कि उन्होंने अब तक अपने पिता की अस्पताल वाली तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा नहीं की हैं। इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि इंटरनेट पर चीजों का गलत इस्तेमाल बहुत जल्दी होने लगता है और वह नहीं चाहते कि उनके पिता की मेडिकल कंडीशन से जुड़ी तस्वीरों का गलत उपयोग हो। साथ ही एक्टर ने फैंस की दुआओं और सपोर्ट के लिए उनका दिल से धन्यवाद भी किया।