कभी पत्नी दीपिका कक्कड़ की बीमारी की चिंता तो कभी पिता की बिगड़ती तबीयत ने टीवी एक्टर शोएब इब्राहिम को मुश्किल दौर से गुजरने पर मजबूर कर दिया है। बीते कुछ महीनों में एक्टर की जिंदगी में कई परेशानियां एक साथ आईं, लेकिन अब उन्होंने अपने व्लॉग में पहली बार खुलकर अपने इमोशंस के बारे में बात की है। शोएब ने बताया कि जिंदगी में कभी-कभी ऐसे पड़ाव आते हैं, जब इंसान बहुत लो, डीमोटिवेटेड या डिप्रेस्ड महसूस करता है। उन्होंने कहा कि हर वक्त खुद को मजबूत दिखाना जरूरी नहीं है। अगर उन्हें रोने का मन करता है तो वह रो लेते हैं और अगर आराम करने का मन करता है तो आराम करते हैं। उनके मुताबिक, अपनी भावनाओं को दबाने के बजाय उन्हें महसूस करना जरूरी है और कुछ समय बाद खुद को संभालकर आगे बढ़ना चाहिए। दरअसल, शोएब की पत्नी दीपिका कक्कड़ लिवर कैंसर का इलाज करा रही हैं। वहीं उनके पिता भी ब्रेन हेमरेज के बाद लंबे समय तक अस्पताल में भर्ती रहे थे। करीब 37 दिनों के इलाज और वेंटिलेटर पर रहने के बाद उनके पिता की हालत में सुधार आया और जून के आखिर में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली। शोएब ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से वह थोड़ा लो महसूस कर रहे थे, लेकिन फैंस के प्यार और कमेंट्स ने उन्हें हिम्मत दी। उन्होंने अपने चाहने वालों का शुक्रिया भी अदा किया।