सावधानी हटी और दुर्घटना घटी… कुछ ऐसा ही वाकया पंजाब की कटरीना कैफ यानी एक्ट्रेस शहनाज़ गिल के साथ हुआ। एक छोटी सी लापरवाही के चलते फिल्म ‘इश्कनामा’ की शूटिंग के दौरान उनकी जान पर बन आई। शहनाज़ ने खुद सोशल मीडिया पर एक BTS वीडियो शेयर कर इस हादसे की आपबीती बताई है। वीडियो में दिख रहा है कि एक सीन की शूटिंग के दौरान उनकी नोज रिंग गलती से गले में फंस गई, जिससे उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी और वह चोक हो गईं। शहनाज़ लगातार गले से नोज रिंग निकालने की कोशिश करती नजर आईं, वहीं उनके चेहरे पर घबराहट साफ दिखाई दी। इस दौरान एक्टर सौरभ सचदेवा ने आगे आकर उनकी मदद की। वीडियो शेयर करते हुए शहनाज़ ने बताया कि कई लोग उनसे नथनी वाला वीडियो शेयर करने के लिए कह रहे थे, इसलिए उन्होंने शूटिंग से जुड़ी यह बिहाइंड द सीन स्टोरी साझा की। वीडियो वायरल होते ही फैंस उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हो गए। एक फैन ने लिखा, “अपना ख्याल रखना शहनाज़ गिल, शुक्र है कि तुम ठीक हो।” वहीं एक अन्य यूज़र ने उनके काम के प्रति समर्पण की तारीफ करते हुए सुरक्षित रहने की अपील की। खास बात यह है कि इस हादसे के बावजूद शहनाज़ ने शूटिंग नहीं रोकी, जिसके लिए फैंस उनकी डेडिकेशन की तारीफ कर रहे हैं। हाल ही में राघव जुयाल के साथ उनकी पार्टी से निकलने की तस्वीरों के बाद दोनों के अफेयर की खबरें भी चर्चा में थीं।