बॉलीवुड एक्टर शरद कपूर इन दिनों अपनी जिंदगी के मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर इंडस्ट्री के बड़े सितारों से काम और मदद की गुहार लगाई थी। एक्टर ने बताया था कि उनके पास फिलहाल कोई काम नहीं है और वह आर्थिक, मानसिक और इमोशनल परेशानियों से जूझ रहे हैं। लेकिन लगता है कि अब उनकी ये पुकार बॉलीवुड के दो बड़े सितारों तक पहुंच गई है। दरअसल, शरद कपूर की मदद के लिए सलमान खान और सोनू सूद आगे आए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान ने शरद से संपर्क कर उनका हालचाल जाना और उन्हें हर संभव सपोर्ट देने का भरोसा दिया है। वहीं, सोनू सूद ने भी शरद की परेशानी को समझते हुए मदद का हाथ बढ़ाया है। बताया जा रहा है कि शरद के पैर में चोट लगी है, जिसके इलाज के लिए सोनू ने डॉक्टरों की एक टीम उनके घर भेजी। इतना ही नहीं, सोनू खुद भी शरद कपूर से मिलने उनके घर पहुंचे और उनका हालचाल जाना। इस मुलाकात के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं गौरतलब है कि सोनू सूद पहले भी कई जरूरतमंदों की मदद कर चुके हैं। अब शरद के मुश्किल वक्त में उनका साथ और सलमान का सपोर्ट एक्टर के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।