टीवी के मशहूर अभिनेता और लेखक शैलेश लोढ़ा के घर खुशियों ने दस्तक दी है। 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' फेम शैलेश लोढ़ा की बेटी स्वरा लोढ़ा ने 6 जुलाई को अपने पार्टनर शाश्वत संग जोधपुर के ऐतिहासिक उम्मेद भवन पैलेस में शाही अंदाज में शादी रचाई। शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। दुल्हन बनीं स्वरा ने मशहूर डिजाइनर सब्यसाची का खूबसूरत व्हाइट लहंगा पहना, जिसे रेड टोन जूलरी, सटल मेकअप और ओपन हेयरस्टाइल के साथ स्टाइल किया गया। वहीं दूल्हे शाश्वत ट्रेडिशनल आउटफिट में नजर आए। दोनों की जोड़ी को फैंस खूब पसंद कर रहे हैं। शादी के दौरान कई भावुक पल भी देखने को मिले। सबसे ज्यादा चर्चा अभिनेता विक्की कौशल की हो रही है, जो पूरे समारोह में परिवार के सदस्य की तरह शामिल हुए। वायरल तस्वीरों में वह शैलेश लोढ़ा की पगड़ी ठीक करते नजर आए, जिसकी सोशल मीडिया पर खूब तारीफ हो रही है। विदाई का पल सबसे भावुक रहा। बेटी को गले लगाते हुए शैलेश लोढ़ा की आंखें नम हो गईं। वहीं उनकी पत्नी स्वाति लोढ़ा भी शादी की हर रस्म में पूरे उत्साह के साथ शामिल रहीं। शादी से पहले उम्मेद भवन पैलेस में कराया गया फैमिली फोटोशूट भी लोगों का ध्यान खींच रहा है। इस शाही समारोह में विक्की कौशल के अलावा रजा मुराद, राकेश बेदी और सुदेश भोसले समेत कई नामी हस्तियां शामिल हुईं। गौरतलब है कि उम्मेद भवन पैलेस इससे पहले प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की शाही शादी की भी मेजबानी कर चुका है। अब स्वरा और शाश्वत की ग्रैंड वेडिंग भी चर्चा का विषय बनी हुई है।