2 नवंबर का दिन शाहरुख खान के फैंस के लिए किसी त्योहार से कम नहीं होता। हर साल किंग खान के जन्मदिन पर मुंबई स्थित उनके बंगले मन्नत के बाहर आधी रात से ही फैंस की भारी भीड़ जुटने लगती है। हालांकि, इस बार नजारा बिल्कुल अलग देखने को मिला। शाहरुख खान के 61वें जन्मदिन पर मन्नत के बाहर फैंस का हुजूम नहीं, बल्कि पुलिस के जवान तैनात नजर आए। दरअसल, बीते दिनों बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी की घटना और कई सितारों को मिली धमकियों के बाद फिल्म इंडस्ट्री में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। इसी के चलते मुंबई पुलिस ने शाहरुख खान के जन्मदिन पर मन्नत के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस ने बंगले के आसपास फैंस की भीड़ जुटने पर रोक लगा दी है। मन्नत की तरफ जाने वाले एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर बैरिकेडिंग की गई है। यहां तक कि बंगले की ओर जाने वाले रास्तों पर गाड़ियों की जांच भी की जा रही है। शाहरुख की एक झलक पाने के लिए पहुंचने वाले फैंस को बैरिकेडिंग से ही वापस भेजा जा रहा है। न्यूज़ 24 के रिपोर्टर राहुल पांडे ने ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर मन्नत के बाहर के हालात का जायजा लिया और वहां की सुरक्षा व्यवस्था दिखाई। वहीं, सिर्फ मन्नत ही नहीं, बल्कि अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा के बाहर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। वहां पुलिसकर्मियों की तैनाती और बैरिकेडिंग के साथ सिक्योरिटी स्टाफ को बुलेटप्रूफ केबिन में शिफ्ट किया गया है। हाल ही में संडे दर्शन के दौरान अमिताभ बच्चन भी बुलेटप्रूफ एनक्लोजर के अंदर से फैंस का अभिवादन करते नजर आए थे, जबकि अभिषेक बच्चन उनके साथ मौजूद थे।