टीवी इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने वाली संजीदा शेख अब फिल्मों और ओटीटी पर भी अपनी अलग जगह बना रही हैं। हालांकि इस बार एक्ट्रेस अपनी एक्टिंग नहीं बल्कि पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में संजीदा ने अपनी जिंदगी, बेटी और करियर को लेकर कई बातें शेयर कीं। संजीदा ने बताया कि काम के दौरान उनका पूरा फोकस सिर्फ अपने काम पर रहता है। उन्हें भरोसा होता है कि उनकी बेटी आयरा सुरक्षित है, इसलिए उस वक्त वह अपनी बेटी की चिंता को खुद पर हावी नहीं होने देतीं। एक्ट्रेस ने अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर होने वाली गॉसिप पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि बाहरी दुनिया की बातें और लोग क्या सोचते हैं, इसका असर वह अपनी निजी जिंदगी पर नहीं पड़ने देतीं। वहीं फिटनेस को लेकर संजीदा ने खुद को एक सामान्य लड़की बताया और कहा कि फिट रहने के लिए वह बहुत ज्यादा मेहनत नहीं करतीं, बल्कि नॉर्मल रहना जानती हैं। इस बीच संजीदा का नाम एक्टर हर्षवर्धन राणे के साथ भी जोड़ा जा रहा है। अगस्त में दोनों ने अपनी छुट्टियों की ऐसी तस्वीरें शेयर की थीं, जिनकी लोकेशन एक जैसी थी। इसके बाद दोनों की डेटिंग की अफवाहें तेज हो गईं। हालांकि दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। बता दें कि संजीदा ने 2 मार्च 2012 को आमिर अली से शादी की थी। करीब 10 साल बाद दोनों का तलाक हो गया। दोनों की एक बेटी आयरा है, जिसकी परवरिश संजीदा कर रही हैं। फिलहाल एक्ट्रेस का पूरा फोकस अपनी बेटी और करियर पर है।