फिल्ममेकर संजय गुप्ता के अचानक निधन से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। 30 अक्टूबर की देर रात मुंबई के वर्सोवा स्थित उनके घर पर एक हादसे में उनकी जान चली गई। पुलिस के मुताबिक, रात करीब दो बजे ड्राइंग रूम से किचन की तरफ जाते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और गिरने से उनका सिर दीवार के कोने से टकरा गया। इस हादसे में उन्हें गंभीर चोट लगी। अगली सुबह परिवार को घटना की जानकारी मिली। 31 अक्टूबर को संजय गुप्ता को अंतिम विदाई देने के लिए कई फिल्मी सितारे उनके घर पहुंचे। इस दौरान रोनित रॉय, रोहित रॉय और मिलाप जावेरी बेहद भावुक नजर आए। मिलाप को रोता देख रोहित रॉय ने उन्हें गले लगाकर संभालने की कोशिश की, लेकिन खुद भी अपने आंसू नहीं रोक पाए। फरदीन खान, गुलशन ग्रोवर, राकेश रोशन, जावेद जाफरी और अशोक पंडित समेत कई हस्तियों ने श्रद्धांजलि दी। शनिवार शाम मुंबई के पवन हंस श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। बेटे ने उन्हें मुखाग्नि दी। अभिषेक बच्चन, मनोज बाजपेयी और राजपाल यादव समेत कई सितारे मौजूद रहे। वहीं, संजय दत्त ने भावुक पोस्ट शेयर कर उन्हें अपना भाई बताया और 'कांटे 2' बनाने का वादा किया।