टीवी इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। ‘कुमकुम भाग्य’ और ‘दिलवाली दूल्हा ले जाएगी’ जैसे लोकप्रिय शोज़ में नजर आ चुकीं अभिनेत्री संचिता उगले ने 14 जून को कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। इस खबर ने उनके फैंस और टीवी जगत को गहरे सदमे में डाल दिया है। संचिता के चचेरे भाई आकाश उगले ने मीडिया से बातचीत में बताया कि अभिनेत्री लंबे समय से अपने करियर को लेकर संघर्ष कर रही थीं। उनका मानना था कि इंडस्ट्री में छोटे शहरों और साधारण परिवारों से आने वाले कलाकारों को अपनी प्रतिभा के अनुरूप मौके नहीं मिलते। यही बात उन्हें अंदर ही अंदर परेशान कर रही थी। आकाश ने यह भी खुलासा किया कि संचिता का इंस्टाग्राम पर एक दूसरा अकाउंट था, जहां उन्होंने दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का एक वीडियो शेयर किया था। वीडियो पर लिखा था, “It’s Again 14 June.” गौरतलब है कि 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत का निधन हुआ था। परिवार का दावा है कि संचिता ने भी जानबूझकर वही तारीख चुनी, ताकि उनकी पीड़ा और संघर्ष की ओर लोगों का ध्यान जा सके। संचिता ने अपने करियर की शुरुआत छोटे किरदारों से की थी। ‘कुमकुम भाग्य’ से उन्हें पहचान मिली, जबकि ‘दिलवाली दूल्हा ले जाएगी’ में निभाए गए उनके किरदार को भी दर्शकों ने खूब सराहा। इसके अलावा, वह साल 2025 में रिलीज हुई विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’ का भी हिस्सा रही थीं। संचिता के निधन से उनके चाहने वालों में शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर फैंस उनकी पुरानी तस्वीरें और वीडियोज़ साझा कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

---विज्ञापन---