टीवी शो ‘कुमकुम भाग्य’ से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री संचिता उगले अब इस दुनिया में नहीं रहीं। महज 22 साल की उम्र में उनके निधन की खबर ने परिवार, दोस्तों और फैंस को गहरे सदमे में डाल दिया है। अपने सपनों और करियर को नई उड़ान देने वाली संचिता के अचानक चले जाने से हर कोई भावुक है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब संचिता का पार्थिव शरीर उनके घर पहुंचा, तो वहां का माहौल बेहद गमगीन था। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। खासकर अपनी बेटी को आखिरी बार देखते हुए पिता का दर्द लोगों की आंखें नम कर गया। सोशल मीडिया पर सामने आई अंतिम विदाई की तस्वीरों में संचिता को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विदाई दी जाती दिखाई दीं। संचिता ने कम उम्र में ही टीवी इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई थी। उन्हें खासतौर पर ‘कुमकुम भाग्य’ में निभाए गए किरदार के लिए सराहना मिली। इसके अलावा उन्होंने फिल्मों में भी अपने करियर को आगे बढ़ाने की कोशिश की थी और विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’ में भी काम किया था। परिवार के मुताबिक, संचिता पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और परेशानियों से जूझ रही थीं। उनके पिता ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वह कई बार गहरे तनाव में चली जाती थीं और खुद को दबाव में महसूस करती थीं। संचिता के असमय निधन ने मनोरंजन जगत और उनके चाहने वालों को गहरा झटका दिया है।