बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान अपनी सेहत और लुक्स को लेकर पिछले कुछ समय से चर्चा में हैं। हाल ही में सलमान की कुछ तस्वीरें वायरल हुई थीं, जिन्हें देखकर फैंस उनकी तबीयत को लेकर चिंतित हो गए थे। हालांकि, बाद में सलमान ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर कर इन खबरों पर विराम लगा दिया था। अब एक्टर अपने हेयर ट्रीटमेंट को लेकर सुर्खियों में हैं। सलमान के करीबी दोस्त और प्रोड्यूसर शैलेंद्र सिंह ने उनके पुराने ट्रीटमेंट से जुड़ा एक हैरान करने वाला किस्सा शेयर किया है। एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान शैलेंद्र ने बताया कि सलमान कम उम्र में ही बाल झड़ने की समस्या से परेशान थे, जिसके बाद उन्होंने हेयर ट्रांसप्लांट और PRP ट्रीटमेंट करवाया था। उन्होंने बताया कि एक बार सलमान के घर पर पार्टी के दौरान उन्होंने देखा कि एक डॉक्टर मेडिकल सामान लेकर आया और सलमान के सिर में इंजेक्शन लगाने लगा। उस वक्त सलमान आराम से बिरयानी खा रहे थे और डॉक्टर अपना काम कर रहे थे। शैलेंद्र के मुताबिक, जब उन्होंने सलमान से इस बारे में पूछा तो एक्टर ने कहा कि स्टार बनने की एक कीमत चुकानी पड़ती है। बाद में उन्हें पता चला कि यह PRP (Platelet Rich Plasma) ट्रीटमेंट था, जिसमें बालों की ग्रोथ के लिए व्यक्ति के अपने ब्लड प्लाज्मा का इस्तेमाल किया जाता है। शैलेंद्र ने यह भी बताया कि उस समय भारत में यह प्रक्रिया कानूनी नहीं थी, लेकिन कई बड़े सितारों ने इसका सहारा लिया था।

---विज्ञापन---