बॉलीवुड के दबंग खान सलमान खान अपनी दरियादिली के लिए भी जाने जाते हैं। जरूरतमंदों की मदद करने वाले सलमान एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने अपने बॉडी डबल परवेज काजी की मुश्किल घड़ी में मदद का हाथ बढ़ाया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, परवेज काजी लंबे समय से बीमार चल रहे थे और हाल ही में उन्हें माइनर हार्ट सर्जरी से गुजरना पड़ा। उनकी तबीयत 6 अगस्त को अचानक खराब हुई थी। शुरुआत में दावा किया गया कि शूटिंग के दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया, लेकिन उनके मैनेजर पियूष ने स्पष्ट किया कि उनकी तबीयत सेट पर नहीं बिगड़ी थी। मैनेजर के मुताबिक, तबीयत खराब होने के बाद परवेज ने डॉक्टर से संपर्क किया, जिसके बाद कई मेडिकल टेस्ट कराए गए। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी माइनर हार्ट सर्जरी हुई। जैसे ही सलमान खान को परवेज की तबीयत के बारे में जानकारी मिली, उन्होंने उनकी मदद की। परवेज के मैनेजर ने बताया कि सलमान ने उनकी मेडिकल जरूरतों और इलाज से जुड़े खर्चों का व्यक्तिगत तौर पर ध्यान रखा। उन्होंने यह भी कहा कि सलमान ने परवेज का छोटे भाई की तरह ख्याल रखा। कई दिनों तक अस्पताल में रहने के बाद परवेज अब रिकवर कर रहे हैं। उनकी तबीयत की वजह से सलमान की अगली पैन-इंडिया एक्शन फिल्म ‘मॉन्स्टर’ की शूटिंग को लेकर भी चिंता बढ़ी थी। फिल्म में सलमान के साथ नयनतारा नजर आएंगी। हालांकि, परवेज के जल्द ठीक होकर सेट पर लौटने की उम्मीद है।