सलमान खान हाल ही में मंत्री आशीष शेलार के घर गणपति दर्शन करने पहुंचे, जहां उनकी एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में फैंस और पैपराजी पहले से मौजूद थे। दर्शन के बाद जब सलमान अपनी कार की तरफ बढ़े, तो भीड़ ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। देखते ही देखते धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई और एक्टर के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया। वायरल वीडियो में सलमान खान माथे पर तिलक, ब्लैक टी-शर्ट, पैंट और कैप में नजर आ रहे हैं। उनके साथ सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे, जो उन्हें सुरक्षित तरीके से कार तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, बढ़ती भीड़ को देखकर सलमान ने लोगों के सामने हाथ जोड़ लिए और इशारे से पीछे हटकर रास्ता देने की अपील की। भारी सुरक्षा के बावजूद फैंस और पैपराजी लगातार उनके करीब आने की कोशिश करते दिखे। वीडियो का एक खास पल तब देखने को मिला, जब सलमान की नजर भीड़ में मौजूद बच्चों पर पड़ी। उन्होंने अपने गार्ड्स से बच्चों का ध्यान रखने और उन्हें धक्का न देने के लिए कहा। इसके बाद वह एक बच्चे से हाथ मिलाते भी नजर आए। सलमान का यह शांत अंदाज सोशल मीडिया पर फैंस को काफी पसंद आ रहा है। गौरतलब है कि गणपति उत्सव के दौरान सलमान अपने भाई सोहेल खान के घर विसर्जन में भी शामिल हुए थे।