सलमान खान का स्टारडम और बिग बॉस का क्रेज एक बार फिर देखने को मिला है। 6 सितंबर से शुरू हुए बिग बॉस 20 के ग्रैंड प्रीमियर ने जियोहॉटस्टार पर रियलिटी शो के लिए अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग दर्ज की है। शो को लेकर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है और कंटेस्टेंट्स को लेकर भी सोशल मीडिया पर अलग-अलग राय सामने आ रही है, लेकिन सलमान खान की लोकप्रियता का असर साफ नजर आया है। बिग बॉस 20 के रिकॉर्डतोड़ लॉन्च के बाद सलमान खान ने भी अपनी खुशी जाहिर की। शो से जुड़े बयान में उन्होंने कहा कि बिग बॉस उनके लिए बेहद खास सफर रहा है। सलमान अब तक शो के 16 सीजन होस्ट कर चुके हैं और 20वें सीजन को दर्शकों से मिल रहा प्यार उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा कि बिग बॉस हिंदी सीजन 20 को अब तक का सबसे बड़ा रियलिटी शो लॉन्च बनते देखना गर्व की बात है। हालांकि, अभी शो की शुरुआत ही हुई है और पूरा सीजन बाकी है। ऐसे में देखना होगा कि यह रिकॉर्डिंग ओपनिंग आगे भी शो की सफलता में बदल पाती है या नहीं। वहीं, सलमान इन दिनों अपने नए काउबॉय लुक को लेकर भी सुर्खियों में हैं। बिग बॉस के मंच से लेकर पब्लिक अपीयरेंस तक उनका यह बदला अंदाज फैंस का खूब ध्यान खींच रहा है।