खान ब्रदर्स सलमान, अरबाज़ और सोहेल खान भले ही एक-दूसरे पर जान छिड़कते हों, लेकिन इन दिनों सोशल मीडिया पर तीनों भाइयों के लुक और फिटनेस की तुलना हो रही है। जहां सलमान और सोहेल के बदले हुए लुक ने फैंस को चिंता में डाल दिया है, वहीं अरबाज़ खान की फिटनेस और ग्रूमिंग की जमकर तारीफ हो रही है। हाल ही में सलमान की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। तस्वीरों में उनका थका हुआ चेहरा और बदला हुआ लुक देखकर कई फैंस ने उनकी सेहत को लेकर सवाल उठाए और पूछा कि आखिर भाईजान को हुआ क्या है। हालांकि, सलमान ने पांच तस्वीरें शेयर कर फैंस से ही उनकी तबीयत पूछकर इन चर्चाओं का जवाब दिया। दूसरी तरफ, सलमान से चार साल छोटे सोहेल खान भी अपने बदले लुक की वजह से सुर्खियों में हैं। चेहरे पर थकान, पिचके गाल, आंखों के नीचे सूजन और गर्दन की ढीली स्किन ने लोगों का ध्यान खींचा है। वहीं 58 वर्षीय अरबाज़ खान इन दिनों अपनी फिटनेस पर खासा ध्यान दे रहे हैं। पिछले साल बढ़ती तोंद को लेकर ट्रोल हुए अरबाज़ अब फिट फिजीक, क्लीन-शेव लुक और स्टाइलिश अंदाज में नजर आते हैं। सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि अरबाज़ ने अपनी फिटनेस और ग्रूमिंग पर काफी काम किया है। कुछ यूजर्स उनकी बदली हुई पर्सनैलिटी का क्रेडिट उनकी पत्नी शूरा खान को भी दे रहे हैं। हालांकि, सलमान और सोहेल की सेहत को लेकर किए जा रहे कयास सोशल मीडिया यूजर्स की राय हैं, किसी बीमारी की पुष्टि नहीं हुई है।