बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान अपने अंदाज से हमेशा फैंस का दिल जीत लेते हैं। कभी अपने स्वैग तो कभी अपने दरियादिल व्यवहार से भाईजान लोगों के चेहरे पर मुस्कान ले आते हैं। हाल ही में सलमान का एक ऐसा ही प्यारा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे देखकर फैंस उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। इस वीडियो में सलमान एक छोटे से बच्चे पर जमकर प्यार लुटाते नजर आ रहे हैं। दरअसल, इन दिनों सलमान खान अपनी अपकमिंग फिल्म 'मातृभूमि' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म के प्रमोशन में उनके साथ एक्ट्रेस चित्रांगदा सिंह भी नजर आ रही हैं। इसी सिलसिले में आयोजित एक प्रमोशनल इवेंट के दौरान सलमान पैपराजी के सामने पोज दे रहे थे। तभी अचानक एक छोटा बच्चा दौड़ता हुआ उनके पास पहुंच गया। बच्चे को अपनी तरफ आता देखकर सलमान के चेहरे पर मुस्कान आ गई। इसके बाद भाईजान ने बच्चे को प्यार से दुलारा और उससे बातचीत करने लगे। इसी बीच बच्चे ने सलमान को किस करने के लिए अपना चेहरा आगे बढ़ाया और क्यूट सा पाउट बनाया। बच्चे की इस हरकत को देखकर सलमान अपनी हंसी नहीं रोक पाए। फिर उन्होंने झुककर बच्चे के माथे पर प्यार से किस किया। सलमान और नन्हे फैन का यह खूबसूरत पल वहां मौजूद लोगों के साथ-साथ सोशल मीडिया यूजर्स का भी दिल जीत रहा है। वीडियो सामने आने के बाद फैंस भाईजान के इस अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'So sweet Salman sir'। वहीं, कुछ लोगों ने सलमान को बेहद दरियादिल और जमीन से जुड़ा इंसान बताया। इतना ही नहीं, एक यूजर ने तो यहां तक कह दिया कि सलमान खान अगर कभी पिता बनते हैं, तो वह एक शानदार पिता साबित होंगे। फिलहाल सलमान अपनी फिल्म 'मातृभूमि' के प्रमोशन में व्यस्त हैं, लेकिन इस समय उनका यह क्यूट वीडियो खूब सुर्खियां बटोर रहा है।