सलमान खान ने हाल ही में रियलिटी शो 'अलायंस' के सेट पर सरप्राइज विजिट कर सभी को चौंका दिया। यह विजिट पहले से प्लान थी, लेकिन इसे पूरी तरह गोपनीय रखा गया था। सेट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जिससे उनकी एंट्री की भनक किसी को नहीं लगी। सलमान अपने ऑल-डेनिम लुक, काउबॉय हैट और दमदार स्वैग में नजर आए और उन्होंने अपनी मौजूदगी से पूरा माहौल हाई-वोल्टेज बना दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह करीब एक घंटे तक सेट पर रहे और इस दौरान उन्होंने भाई सोहेल खान के साथ-साथ अन्य कंटेस्टेंट्स से भी मुलाकात की। बताया जा रहा है कि यह सिर्फ एक गेस्ट अपीयरेंस नहीं, बल्कि शो में भावुक सफर तय कर रहे सोहेल का हौसला बढ़ाने के लिए सलमान का खास कदम था। शो में सोहेल ने भी खुलकर कहा कि वह चाहते हैं लोग उन्हें उनके काम के आधार पर पहचानें, न कि सिर्फ सलमान खान के भाई के रूप में। दिलचस्प बात यह रही कि जहां सलमान 'अलायंस' के सेट पर पहुंचे, वहीं दूसरे भाई अरबाज खान 'लॉकअप 2' के प्रमोशन में व्यस्त थे। उर्फी जावेद ने भी इस पर मजाकिया पोस्ट शेयर किया। वर्क फ्रंट की बात करें तो सलमान खान अपनी आगामी फिल्म 'मातृभूमि' को लेकर चर्चा में हैं। हालांकि फिल्म की रिलीज फिलहाल टल गई है, लेकिन इसका फर्स्ट लुक पहले ही फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ा चुका है। अब दर्शकों को सलमान के इस स्पेशल एपिसोड के ऑन-एयर होने का बेसब्री से इंतजार है।

---विज्ञापन---