खान परिवार की अगली पीढ़ी अब बॉलीवुड में कदम रखने की तैयारी में है। सलमान खान, अरबाज खान और सोहेल खान के बाद अब अरबाज खान और मलाइका अरोड़ा के बेटे अरहान खान के फिल्मी डेब्यू को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। लेटेस्ट मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 23 वर्षीय अरहान खान को एक बड़े बजट की हाई-ऑक्टेन एक्शन फिल्म का ऑफर मिला है। बताया जा रहा है कि फिल्म में अरहान एक इंटेंस और एंग्री अवतार में नजर आ सकते हैं। हालांकि, प्रोजेक्ट अभी शुरुआती स्टेज में है और इसकी स्क्रिप्टिंग पर काम चल रहा है। रिपोर्ट्स में फिल्म के निर्देशन के लिए अनिरुद्ध अय्यर का नाम सामने आ रहा है, जिन्होंने साल 2022 में आयुष्मान खुराना स्टारर An Action Hero का निर्देशन किया था। हालांकि, फिल्म, स्टारकास्ट, शूटिंग डेट और डायरेक्टर को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। अरहान ने अमेरिका की Long Island University से सिनेमा की पढ़ाई की है। बॉलीवुड में बतौर अभिनेता कदम रखने से पहले उन्होंने कैमरे के पीछे रहकर फिल्ममेकिंग की बारीकियां सीखीं। वह करण जौहर के साथ एक प्रोजेक्ट पर काम कर चुके हैं और अपना पॉडकास्ट ‘Dumb Biryani’ भी चला चुके हैं, जिसमें सलमान खान समेत परिवार के कई सदस्य नजर आए थे। अरहान अपनी मां मलाइका के साथ हॉस्पिटैलिटी बिजनेस में भी सक्रिय हैं। दोनों ने 2024 में मुंबई के बांद्रा स्थित Pali Village में Scarlett House रेस्टोरेंट लॉन्च किया था। अब देखना दिलचस्प होगा कि अरहान खान एक्टिंग की दुनिया में अपने परिवार की विरासत को कितना आगे ले जा पाते हैं।