सलमान खान के साथ बॉलीवुड डेब्यू करने वाली एक्ट्रेस स्नेहा उल्लाल इन दिनों अपने बदले हुए देसी अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। स्नेहा की नई तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं, जिनमें वह बिहार की आम गांव की महिला के लुक में नजर आ रही हैं। माथे पर छोटी सी बिंदी, साड़ी का देसी ड्रेप और बेहद सिंपल लुक में स्नेहा को पहचानना भी फैंस के लिए मुश्किल हो रहा है। एक्ट्रेस ने खुद अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर ये तस्वीर शेयर की और इसके साथ ‘बिहार की छोरी’ लिखा। स्नेहा का ये लुक उनके पुराने ग्लैमरस अंदाज से बिल्कुल अलग है। हालांकि, उनका ये ट्रांसफॉर्मेशन किसी फैशन एक्सपेरिमेंट का हिस्सा नहीं है, बल्कि उनकी आने वाली फिल्म ‘अर्धनायक’ के किरदार से जुड़ा है। स्नेहा इन दिनों बिहार के गया में फिल्म की शूटिंग कर रही हैं, जहां वह एक गांव की महिला का किरदार निभा रही हैं। अपने किरदार को पर्दे पर असली दिखाने के लिए एक्ट्रेस गांव की महिलाओं के बीच समय बिता रही हैं और उनके रहन-सहन को करीब से समझ रही हैं। इसी वजह से उनका लुक भी पूरी तरह देसी रखा गया है। स्नेहा ने बिहार के लोगों की तारीफ करते हुए उन्हें बहुत प्यारा बताया है। बता दें कि स्नेहा उल्लाल ने साल 2005 में सलमान खान के साथ फिल्म ‘लकी: नो टाइम फॉर लव’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। डेब्यू के बाद वह अपनी खूबसूरती और ऐश्वर्या राय बच्चन से मिलते-जुलते चेहरे को लेकर काफी चर्चा में रही थीं।