बॉलीवुड के 'दबंग' सलमान खान एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। पिछले कुछ दिनों से उनकी सेहत को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। हाल ही में वायरल हुई कुछ तस्वीरों में सलमान पहले के मुकाबले कमजोर और थके हुए नजर आए, जिसके बाद फैंस उनकी तबीयत को लेकर चिंतित हो गए। इसी बीच सलमान खान ने देर रात इंस्टाग्राम पर अपनी पांच नई तस्वीरें शेयर कर सभी का ध्यान खींच लिया। तस्वीरों में उनका स्टाइलिश अंदाज देखने को मिला। कहीं वह काउबॉय हैट में नजर आए, तो कहीं हल्की दाढ़ी और सिंपल लुक में। इन तस्वीरों में सलमान पहले से ज्यादा फिट और स्लिम दिखाई दिए। हालांकि, सबसे ज्यादा चर्चा उनके कैप्शन की हुई। उन्होंने लिखा, "आप लोगों की तबीयत कैसी है?" सलमान के इस छोटे से सवाल ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी। कई फैंस ने इसे उनकी सेहत को लेकर चल रही चर्चाओं का जवाब माना, जबकि कुछ ने इसे अपने चाहने वालों से जुड़ने का उनका खास अंदाज बताया। बिना किसी सफाई के सलमान ने सिर्फ पांच तस्वीरों और एक लाइन के कैप्शन से पूरी चर्चा का रुख बदल दिया। वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान अपनी आगामी फिल्म 'मातृभूमि' को लेकर भी सुर्खियों में हैं। इस फिल्म में उनके साथ चित्रांगदा सिंह अहम भूमिका निभा रही हैं। फिल्म की नई रिलीज डेट का इंतजार किया जा रहा है। फिलहाल, उनकी ताजा इंस्टाग्राम पोस्ट ने फैंस को राहत जरूर दी है।

---विज्ञापन---